पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में गिराए बम 3 क्रिकेटर्स की मौत

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में गिराए बम 3 क्रिकेटर्स की मौत

नई दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव और बढ़ सकता है। अपने सैनिकों के शवों के साथ बर्बरता से बौखलाए पाकिस्तान ने शुक्रवार देर रात अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में कई जगह एयर स्ट्राइक की । इसमें तीन क्लब क्रिकेटरों समेत 14 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। कई घायल हैं। पाक ने यह हमला उस वक्त किया, जब दोनों देशों के बीच दो दिन का सीजफायर कुछ घंटे पहले ही बढ़ाया गया था। हमले से नाराज अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐलान किया कि वह नवंबर में पाकिस्तान के साथ होने वील टी20 सीरीज में नहीं खेलेगा।

पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक पाक का हमला उत्तरी वजीरिस्तान के मीर अली स्थित खड्डी फोर्ट पर हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया है। इसकी जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने ली थी। पाक का दावा है कि पक्तिका प्रांत में ही टीटीपी से जुड़े हाफिज गुल बहादुर गुट के आतंकी छिपे हुए थे।

दोहा में वार्ता जारी

इस बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कतर के दोहा में सीजफायर के लिए बातचीत जारी है। इस वार्ता में अफगान रक्षा मंत्री मुल्ला याकूब और पाकिस्तान की तरफ से एनएसए असीम मलिक शामिल हैं।

भारत खेलेगा बड़ा कूटनीतिक दांव

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सैन्य तनातनी के बीच भारत एक बड़ा कूटनीतिक दांव खेलने जा रहा है, जिससे समूचे दक्षिण मध्य एशिया की भूराजनीति करवट लेगी। करीब 4 साल बाद भारत और अफगानिस्तान के साथ पूर्ण डिप्लोमेटिक संबंध बहाल करते हुए काबुल में इसी महीने 60 राजनयिक तैनात करने जा रहा है। इनमें सेना, वायुसेना और नौसेना के अधिकारी होंगे।

इसके अलावा अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी के दौरे के दौरान काबुल में फिर से दूतावास खोलने का फैसला हुआ है। अब तक यहां मुट्टीभरतकनीकी स्टाफ रहता है, लेकिन अब विशेषज्ञ स्टाफ होगा, जो अफगान संग नजदीकी संपर्क कायम करेगा। भारत के इस कदम से तालिबान सरकार की अंतरराष्ट्रीय छवि भी सुधरेगी।