दिल्ली में फोड़ सकेंगे ग्रीन पटाखें, सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी

supreme court order on crackers in delhi

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिवाली पर ग्रीन पटाखे फोड़ने की मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली-एनसीआर में खुशी की लहर दौड़ गई। आलम यह रहा कि लोगों ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए बुधवार शाम को जमकर पटाखे फोड़े। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से दिल्ली की राजनीति भी गर्मा गई। एक ओर जहां दिल्ली सरकार और भाजपा नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया, तो वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने प्रदूषण का हवाला देकर रेखा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यदि सरकार सोती रही तो चीजों को कंट्रोल करना मुश्किल होगा।

कोर्ट ने लोगों की भावनाओं का सम्मान किया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्षाें बाद करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सुप्रीम कोर्ट की ओर से यह फैसला आया है। पर्यावरण और परंपरा के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। दिल्ली सरकार इस बात को समझती है। हम सभी पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए ग्रीन पटाखों का आनंद लेंगे।

इस साल हम सब ग्रीन पटाखों के सा उत्सव और पर्यावरण संरक्षण के बीच सामंजस्य बनाएं। यह निर्णय देश की सांस्कृतिक संवेदनाओं और जन-भावनाओं को समझने वाला कदम है, जो परंपरा और पर्यावरण संरक्षण दोनों के बीच सुंदर संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने ग्रीन पटाखों के सीमित उपयोग की अनुमति देने पर सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया।